सिगोड़ी थाना पुलिस की कार्रवाई, ट्रैक्टर चोरी मामले का सफल उद्भेदन; एक आरोपी गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: सिगोड़ी थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर चोरी के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को ग्राम पसौढ़ा निवासी एक व्यक्ति ने सिगोड़ी थाना में आवेदन देकर बताया था कि रात के समय अज्ञात व्यक्ति उसके ट्रैक्टर को चोरी कर ले गया। मामले में सिगोड़ी थाना कांड संख्या 151/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत जांच शुरू की गई।
कांड की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिगोड़ी थाना पुलिस ने छापेमारी टीम गठित की। तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए ट्रैक्टर का पता लगाया।
पुलिस के अनुसार, चोरी का ट्रैक्टर जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र से बरामद किया गया। इस मामले में धनंजय कुमार उर्फ राजेश कुमार, निवासी सोहन बिगहा, थाना सिगोड़ी, जिला पटना को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
बरामदगी: चोरी किया गया एक ट्रैक्टर।
छापेमारी टीम में शामिल: सिगोड़ी थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल।



