क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

कंकड़बाग में चेन स्नैचिंग गिरोह का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; सोने की चेन और बाइक बरामद

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: कंकड़बाग थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार, मोहित कुमार, अजय कुमार उर्फ टिल्लू और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। इनके पास से चोरी की एक सोने की चेन, एक FZ मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, चेन स्नैचिंग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के आदेश पर नगर पुलिस अधीक्षक, पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने मानवीय सूचना के साथ-साथ तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों का पता लगाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कंकड़बाग थाना क्षेत्र में दर्ज कई चेन स्नैचिंग के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई घटनाओं को अंजाम देने की बात बताई है। गिरोह के खिलाफ कंकड़बाग, पत्रकारनगर, दीघा, राजीवनगर और कदमकुआं थाना क्षेत्रों में कुल कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल कुमार की उम्र करीब 22 वर्ष, मोहित कुमार करीब 22 वर्ष, अजय कुमार उर्फ टिल्लू करीब 29 वर्ष और प्रिंस कुमार करीब 23 वर्ष बताया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। बरामद सामान और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस चेन स्नैचिंग की अन्य घटनाओं से भी इनके कनेक्शन की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button