पटना पश्चिमी क्षेत्र में अपराध समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण को लेकर दिए गए सख्त निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना।

पटना। पटना पश्चिमी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर 7 अक्टूबर 2026 को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने की। इसमें पश्चिमी क्षेत्र के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान गंभीर एवं जघन्य कांडों के त्वरित और प्रभावी निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान के दौरान तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मामलों के अनुसंधान में तेजी के साथ-साथ आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अपराध नियंत्रण को और मजबूत करने के लिए सघन वाहन चेकिंग, रात्रि गश्ती और फरार एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके साथ ही अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए बैठक में कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष चर्चा हुई। संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, यातायात प्रबंधन और अधिक से अधिक निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिए गए।

पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस लगातार आवश्यक कदम उठा रही है।



