मनेर थाना गेट के सामने अपराधियों का तांडव, बाइक सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: राजधानी पटना से सटे मनेर में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए थाना गेट के सामने ही फायरिंग कर सनसनी फैला दी। शनिवार रात बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने मनेर थाना परिसर के मुख्य गेट के पास कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। थाना गेट के सामने हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार और दानापुर डीएसपी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली और मनेर थानाध्यक्ष को अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है। मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ इलाके में नाकेबंदी और वाहनों की जांच भी की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग करने वाले बदमाश कौन थे और थाना गेट के सामने इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने के पीछे उनकी क्या मंशा थी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



