सदन में गरजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी — “मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी की बपौती नहीं”
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से

पटना: बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में बहुमत साबित कर दिया। एनडीए सरकार ने ध्वनिमत से विश्वास मत हासिल कर लिया। सरकार को सदन में 201 विधायकों का समर्थन मिला। विश्वास मत जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि उनकी सरकार “क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म” यानी तीन ‘सी’ पर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

“क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म पर कोई समझौता नहीं”
विधानसभा में विश्वास मत प्रस्ताव पर बोलते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में कानून व्यवस्था और सुशासन उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करेगी।
नीतीश कुमार को बताया प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि “नीतीश कुमार को कोई राजनीति से या लोगों के दिलों से नहीं हटा सकता।” सम्राट चौधरी ने बताया कि उन्हें खुद नहीं पता था कि पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री बनाएगी, लेकिन यह नीतीश कुमार की दृढ़ इच्छा शक्ति का परिणाम है कि आज वह बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं।
“मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी की बपौती नहीं”
सम्राट चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी परिवार या व्यक्ति की जागीर नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें बिहार की 14 करोड़ जनता के समर्थन से यह जिम्मेदारी मिली है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए नेतृत्व का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया, दो बार डिप्टी सीएम बनाया और अब मुख्यमंत्री बनने का मौका दिया। उन्होंने यह भी कहा कि वह “लूटने के लिए नहीं, बल्कि बिहार को समृद्ध बनाने के लिए मुख्यमंत्री बने हैं।”
उम्र विवाद पर भी दिया जवाब
अपनी उम्र को लेकर चल रहे विवाद पर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर वह नाबालिग होते तो पुलिस उन्हें जेल नहीं बल्कि बाल सुधार गृह भेजती।
महिलाओं की सुरक्षा और आरक्षण पर बड़ा बयान
महिला आरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आरक्षण लागू होता है तो विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी और बढ़ेगी। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को पुलिस “पाताल से भी खोज निकालेगी।”
भूमि विवाद खत्म करने का दावा
भूमि और राजस्व विवादों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में बड़े कदम उठा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाना, अंचल और ब्लॉक स्तर तक वह खुद निगरानी रखेंगे ताकि जनता को राहत मिल सके।
एक्सीडेंट इंश्योरेंस पर बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सड़क हादसों को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दुर्घटना की स्थिति में इंश्योरेंस कंपनी की ओर से मिलने वाले 4 लाख रुपये के अलावा सरकार भी पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देगी।

हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज और नए एयरपोर्ट की घोषणा
मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बिहार के हर प्रखंड में एक डिग्री कॉलेज खोला जाएगा। साथ ही राज्य में 11 नए टाउनशिप विकसित किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सभी जिलों में एयरपोर्ट बनाने की दिशा में काम होगा और जहां एयरपोर्ट संभव नहीं होगा वहां हेलीपॉड बनाए जाएंगे



