पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना में आज सिविल डिफेंस ब्लैकआउट और हवाई हमला मॉकड्रिल, शाम 7 बजे 15 मिनट तक बंद रहेंगी लाइटें

राजधानी पटना में आज होगा बड़ा सिविल डिफेंस अभ्यास

राजधानी Patna में आज गुरुवार की शाम सिविल डिफेंस ब्लैकआउट और हवाई हमला मॉकड्रिल का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार यह मॉक अभ्यास शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक पटना के शहरी क्षेत्रों में संचालित होगा। इस दौरान लोगों से अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों की सभी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक पूर्व निर्धारित अभ्यास है और किसी भी प्रकार की वास्तविक आपात स्थिति नहीं है।

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास नागरिक सुरक्षा तंत्र की तैयारी और कार्यक्षमता की जांच के लिए किया जा रहा है ताकि किसी भी संभावित आपदा या हवाई हमले जैसी स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

इन क्षेत्रों में लागू रहेगा ब्लैकआउट

प्रशासन के अनुसार यह ब्लैकआउट और मॉकड्रिल केवल पटना नगर निगम क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दानापुर निजामत, खगौल और फुलवारीशरीफ नगर परिषद क्षेत्रों में भी इसे लागू किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत पूरे अभ्यास को संचालित किया जाएगा।

इसके लिए जिला प्रशासन ने कई विशेष कोषांग बनाए हैं जो अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। इनमें लॉजिस्टिक प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, वैकल्पिक संचार व्यवस्था, प्रचार-प्रसार और डॉक्यूमेंटेशन से जुड़े विभाग शामिल हैं। सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम भी सक्रिय रखा जाएगा।

पटना के कई प्रमुख स्थान बनाए गए सिमुलेशन साइट

मॉक अभ्यास के लिए जिला प्रशासन ने राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थलों को सिमुलेशन साइट के रूप में चिह्नित किया है। इनमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड और आईजीआईएमएस शामिल हैं।

इन स्थानों पर विशेष आपदा परिदृश्य तैयार कर राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास कराया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इन साइटों पर ऐसी स्थिति तैयार की जाएगी मानो किसी हवाई हमले या बड़े हादसे के बाद बचाव अभियान चलाया जा रहा हो। इसके माध्यम से विभिन्न एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता और समन्वय का परीक्षण किया जाएगा।

मॉकड्रिल में इन छह प्रमुख परिदृश्यों पर होगा अभ्यास

जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने जानकारी देते हुए बताया कि मॉकड्रिल के दौरान छह प्रमुख परिदृश्यों पर विशेष अभ्यास किया जाएगा। इनमें शामिल हैं:

एयर रेड अर्ली वार्निंग सिस्टम

ब्लैकआउट उपाय

लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया

सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन

मेडिकल रिस्पॉन्स और कैजुअल्टी इवैक्यूएशन

फायर फाइटिंग सिनैरियो

प्रशासन का उद्देश्य यह जांचना है कि आपदा की स्थिति में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन इकाइयां और अन्य एजेंसियां कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से काम कर सकती हैं।

दो मिनट तक बजेगा सिविल डिफेंस सायरन

प्रशासन के मुताबिक निर्धारित समय पर हवाई हमले की चेतावनी के तौर पर दो मिनट तक सिविल डिफेंस सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू हो जाएगा।

इस दौरान फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस सेवा, एनसीसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निकाय, सिविल डिफेंस और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

आवश्यक सेवाओं पर नहीं पड़ेगा असर

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस मॉकड्रिल के दौरान आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं होंगी। अस्पतालों में चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। ब्लैकआउट के दौरान अस्पतालों में खिड़कियों पर क्यूबिकल पर्दा या प्राइवेसी कर्टेन का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि बाहरी रोशनी नियंत्रित की जा सके और इलाज प्रभावित न हो।

प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह अभ्यास राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।

सहायता के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

मॉकड्रिल के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष और आपातकालीन संचालन केंद्र पूरी तरह सक्रिय रहेंगे। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए नागरिक इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, पटना – 0612-2210118

जिला नियंत्रण कक्ष – 0612-2219810

वैकल्पिक नंबर – 0612-2219234

आपातकालीन सहायता – 112

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मॉकड्रिल के दौरान पूरी तरह सहयोग करें, घबराएं नहीं और ब्लैकआउट संबंधी निर्देशों का पालन करें। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी को मजबूत बनाते हैं और आम नागरिकों को भी जागरूक करते हैं।

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

Related Articles

Back to top button