पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना के गांधी मैदान में रावण वध की तैयारियों का डीएम और एसएसपी ने लिया जायजा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना, 19 अक्टूबर 2026। राजधानी पटना के गांधी मैदान में 20 अक्टूबर को आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कुंदन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने मैदान में की गई बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विशेष ध्यान देने और समय रहते तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही, भीड़ नियंत्रण, दर्शकों की सुविधा और कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

वीआईपी, वीवीआईपी और मीडिया के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार

गांधी मैदान में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश द्वारों के लिए अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके तहत गेट नंबर-1 से मुख्य अतिथियों, गेट नंबर-4 से वीआईपी, गेट नंबर-12 से वीवीआईपी और मीडिया प्रतिनिधियों तथा गेट नंबर-13 से दशहरा कमेटी के सदस्यों को प्रवेश दिया जाएगा। आम दर्शक अन्य निर्धारित प्रवेश द्वारों से मैदान में प्रवेश कर सकेंगे।

महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांधी मैदान के अंदर दो महिला दीर्घाओं की व्यवस्था भी की गई है, ताकि कार्यक्रम के दौरान उन्हें सहूलियत मिल सके।

शाम 4 बजे तक स्थान ग्रहण करने की अपील

जिला प्रशासन ने रावण वध कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी दर्शकों से अपील की है कि वे शाम 4 बजे तक गांधी मैदान में अपना स्थान ग्रहण कर लें। प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचना है।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और दर्शकों की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। गांधी मैदान में होने वाले इस आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सभी जरूरी तैयारियों पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button