पटना के कई स्कूलों में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को पटना के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना की ओर से पैन इंडिया जागरूकता अभियान के तहत यह कार्यक्रम चलाया गया।

इस अभियान के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय अंटाघाट, दयानंद कन्या विद्यालय मिठापुर, कमला नेहरू बालिका उच्च विद्यालय अदालतगंज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय कंकड़बाग, सेमफोर्ड स्कूल जगनपुरा और टाइम्स इंटरनेशनल स्कूल सुल्तानगंज सहित कई विद्यालयों में जागरूकता शिविर लगाए गए। इसके अलावा बाढ़, पटना सिटी, दानापुर और मसौढ़ी अनुमंडल के विद्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शिविर में पैनल अधिवक्ता संतोष कुमार, सेवानिवृत्त न्यायिक पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह, सपना रानी, कन्हैया जी, ममता कुमारी, सुनील कुमार, ऋतुराज, दीपक कुमार, कुमारी रौशन और अर्चना कुमारी सहित अन्य संबंधित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 की जानकारी देना और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। शिविर में “जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण—हर बच्चे का अधिकार” विषय के तहत बच्चों के अधिकारों और उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी गई।

इस दौरान बच्चों ने कानूनी जानकारी प्राप्त करने में रुचि दिखाई। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विद्यालयों में यह जागरूकता कार्यक्रम 26 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और सुरक्षित वातावरण के महत्व को समझाना है।



