बिहारब्रेकिंग न्यूज़

सीवान में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में 30 लाख की लूट, 12 राउंड फायरिंग से दहशत

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

सीवान:
बिहार के सीवान जिले से लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जिरादेई थाना क्षेत्र के जमापुर बाजार में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 30 लाख रुपये के गहनों और नकदी की लूट को अंजाम दिया। इस दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए करीब 12 राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

दुकानदार पर हमला, लाखों के गहने लूटे:
जानकारी के मुताबिक, 6 नकाबपोश अपराधी अचानक दुकान में घुसे और दुकान मालिक पिंकू सोनी पर पिस्टल के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इसके बाद अपराधियों ने करीब 300 ग्राम सोना, 9 किलो चांदी और नकद रकम लूट ली।

फायरिंग से दहशत:
लूट के दौरान और फरार होते समय अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। चश्मदीदों के अनुसार करीब 12 राउंड गोलियां चलाई गईं। मौके से पुलिस को चार खोखे भी बरामद हुए हैं।

 

एक अपराधी पकड़ाया, बाइक जलाई गई:
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भाग रहे अपराधियों में से एक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। गुस्साई भीड़ ने अपराधियों की एक बाइक को आग के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य पांच अपराधी फरार हो गए।

लोगों का प्रदर्शन:
घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने बाजार बंद कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सुरक्षा बढ़ाने व सभी अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस जांच में जुटी:
घटना की सूचना मिलते ही जिरादेई थाना प्रभारी राहुल तिवारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों के भागने के रूट का पता लगाने में जुटी है।

बयान:
“ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात हुई है। एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी को पकड़ लिया जाएगा।” — राहुल तिवारी, थाना प्रभारी

Related Articles

Back to top button