बेऊर में बड़ी कार्रवाई: संभावित हत्या की साजिश नाकाम, दो हथियारबंद बदमाश गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ स्थित बेउर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित हत्या की साजिश को विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर बाईपास स्थित नेक्सा शोरूम के समीप छापेमारी कर पुलिस ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक देशी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि दो युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से बाईपास की ओर आ रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया। इसी दौरान केटीएम बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान परसा थाना क्षेत्र के न्यू एतवारपुर निवासी विशाल कुमार यादव के पास से एक देशी पिस्तौल, एक एप्पल मोबाइल फोन और 12,920 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं रोहित कुमार यादव के पास से 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस, एक वीवो मोबाइल फोन और 3,790 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने खुलासा किया कि वे हल्लूपुर इलाके में एक जमीन कारोबारी की चारदीवारी गिराने जा रहे थे। विरोध होने की स्थिति में उसकी हत्या करने की भी योजना बनाई गई थी। हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते घटना होने से पहले ही दोनों को दबोच लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हथियार, कारतूस और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। मामले में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा आरोपितों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है।
बेउर थाना पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी आपराधिक साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।



