पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: बिहार के 2.5 लाख घरों पर लगेंगे सोलर पैनल, मुख्यमंत्री ने दिया बड़ा लक्ष्य
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोट पटना से। संख्या-cm-386_ 14/06/2026

पटना, 14 जून 2026। बिहार सरकार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत राज्य के 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 1512 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ करते हुए अधिकारियों को 20 नवंबर 2026 तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को मुफ्त एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि सोलर पैनल से 125 यूनिट से अधिक बिजली उत्पादन होने पर राज्य सरकार अतिरिक्त बिजली खरीदेगी, जिससे लोगों की आय बढ़ेगी और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1278 करोड़ रुपये की लागत से ऊर्जा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बिहार देश में सबसे अधिक 23 हजार करोड़ रुपये की बिजली सब्सिडी देने वाला और सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाला राज्य है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में बिहार में बिजली की खपत मात्र 400 से 500 मेगावाट थी, जो आज बढ़कर 9000 मेगावाट तक पहुंच गई है।
सरकार का लक्ष्य अगले वर्ष मार्च तक 4.82 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और 20 नवंबर 2027 तक 25 लाख परिवारों को इस योजना का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा के विस्तार से न केवल लोगों को बिजली बिल से राहत मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और बिहार की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
संख्या-cm-386_ 14/06/2026



