पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बेतिया अंचल कार्यालय में रिश्वतखोरी का खुलासा, डाटा एंट्री ऑपरेटर 15 हजार रुपये लेते गिरफ्तार

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोट।

पश्चिम चम्पारण, बेतिया | भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईयू) की टीम ने बेतिया अंचल कार्यालय के डाटा एंट्री ऑपरेटर राज कुमार मिश्र को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 16 जून 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 073/26 के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, बरवत पससाईन निवासी बालेश्वर कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि जमाबंदी का लॉक खोलने के बदले राज कुमार मिश्र द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।

प्राथमिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना में मामला दर्ज किया गया और पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए बेतिया अंचल कार्यालय में छापेमारी की और आरोपी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी ब्यूरो की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, जिससे सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिलेगा।

Related Articles

Back to top button