क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बिहटा डकैती कांड का सफल उद्भेदन, अंतर्राज्यीय गिरोह के 14 अपराधी गिरफ्तार

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना, 20 जून 2026: पटना पुलिस को बिहटा थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती कांड के उद्भेदन में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय अपराधी गिरोह का पर्दाफाश किया है और गिरोह के 14 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 16/17 मई 2026 की रात बिहटा थाना क्षेत्र स्थित एक घर में डकैती की घटना हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा लगातार छापेमारी के माध्यम से अपराधियों तक पहुंच बनाई।

19/20 जून 2026 की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 14 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बिहटा डकैती कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्य बिहार समेत अन्य राज्यों में चोरी और डकैती की कई घटनाओं में शामिल रहे हैं तथा उनका आपराधिक इतिहास भी रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 देशी कट्टा, 5 जिंदा कारतूस, 3 लोहे के पेचकस, 1 लोहे का प्लास, 4 गुलेल और 27 गिट्टी (कंकड़) बरामद किए हैं।

पटना पुलिस ने कहा है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मामले की विस्तृत जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02, दानापुर, अमरेंद्र कुमार झा ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान साझा की। अमरेंद्र कुमार झा

Related Articles

Back to top button