आवास बोर्ड जमीन विवाद में नया मोड़, डॉक्टर पर फायरिंग का आरोप
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से ।

पटना के राजीवनगर थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-8 में आवास बोर्ड की जमीन को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पहले जहां डॉक्टर रमेश की ओर से आरोप लगाए गए थे, वहीं अब दूसरे पक्ष के करीमन राय ने डॉक्टर रमेश पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

करीमन राय, जो कुर्जी के रहने वाले बताए जा रहे हैं, ने आरोप लगाया कि इलाके में आवास बोर्ड की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा था और इस दौरान चारदीवारी तोड़ी जा रही थी। उन्होंने बताया कि वह पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे थे। इसी बात से नाराज होकर डॉक्टर रमेश ने उन पर गोली चला दी। करीमन के अनुसार, इस फायरिंग में उनके पैर और सिर में छर्रे लगे हैं।

घटना के बाद करीमन इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां उचित व्यवस्था नहीं मिलने के कारण बाद में एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए। उन्होंने बताया कि इस मामले में उनकी ओर से डॉक्टर रमेश और उनके सहयोगियों के खिलाफ राजीवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।

हालांकि, पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। एसडीपीओ लॉ एंड ऑर्डर-2 दिव्यांजलि जायसवाल ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन फायरिंग की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।



