पटना से बेगूसराय तक छापा, अजय कुमार सिंह के ठिकाने निशाने पर!
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना/बेगूसराय: आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड के उप निदेशक अजय कुमार सिंह से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। EOU की टीम पटना और बेगूसराय में तलाशी अभियान चला रही है।
EOU के अनुसार, अजय कुमार सिंह के खिलाफ ज्ञात आय से करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है। विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से जारी तलाशी वारंट के आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
पटना में बोर्ड कार्यालय और उनके आवास के अलावा बेगूसराय स्थित पैतृक मकान पर भी EOU की टीम जांच कर रही है। तलाशी के दौरान घर के बेसमेंट और पार्किंग समेत विभिन्न स्थानों को खंगाला जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, छापेमारी के दौरान अजय कुमार सिंह अपने आवास पर मौजूद हैं।
बेगूसराय स्थित उनके मकान की भी गहन तलाशी ली जा रही है। हालांकि, अब तक तलाशी के दौरान कितनी नकदी, संपत्ति या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
EOU के मुताबिक, इस मामले में 19 अगस्त 2026 को आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया था। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में संशोधन 2018 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है।
फिलहाल EOU की कार्रवाई जारी है। तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और कथित आय से अधिक संपत्ति से जुड़ी पूरी तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।

