Uncategorized

पटना से लापता 10वीं की छात्रा 36 घंटे में बरामद, रेलवे ट्रैक के पास मिला था स्कूल ड्रेस और बैग

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: खगौल थाना क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को पटना पुलिस ने करीब 36 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। छात्रा के लापता होने के बाद दानापुर स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक किनारे उसकी स्कूल ड्रेस और बैग मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए सड़क जाम कर विरोध-प्रदर्शन भी किया था।

पटना पुलिस के अनुसार, छात्रा के स्कूल से छुट्टी के बाद घर नहीं लौटने की सूचना 10 अगस्त 2026 को मिली थी। परिजनों की शिकायत के बाद खगौल थाना में कांड संख्या 408/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।

जांच के दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे छात्रा की स्कूल ड्रेस और बैग बरामद हुआ, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के साथ-साथ मानवीय सूचना के आधार पर भी लगातार छानबीन शुरू की।

इसी बीच छात्रा की लोकेशन को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई। एक अखबार में प्रकाशित खबर के मुताबिक पुलिस को छात्रा की लोकेशन कोलकाता में मिली और वहां से उसे रेस्क्यू किए जाने की बात कही गई। वहीं, पटना पुलिस का दावा है कि छात्रा को महज 36 घंटे के भीतर पटना जंक्शन से सकुशल बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक छात्रा से पूछताछ और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी। मामले में संलिप्त बताए जा रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इस पूरे मामले को लेकर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना संकेत कुमार ने पुलिस की कार्रवाई और छात्रा की बरामदगी को लेकर जानकारी दी है।

Back to top button