खगड़िया के कार्यपालक अभियंता पर आय से अधिक संपत्ति का मामला, तीन ठिकानों पर निगरानी की छापेमारी
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल खगड़िया के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के पटना, नालंदा और खगड़िया स्थित तीन ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में दर्ज निगरानी थाना कांड संख्या 098/26 के तहत की जा रही है।
निगरानी के अनुसार, संजय कुमार पर कुल 1 करोड़ 1 लाख 1 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। यह राशि उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 61 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले की जांच के दौरान विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से सर्च वारंट प्राप्त होने के बाद 14 अगस्त को निगरानी ब्यूरो की तीन टीमों ने एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया।
अब तक की तलाशी में 1 लाख 29 हजार रुपये नकद, करीब 18 लाख 85 हजार रुपये मूल्य के स्वर्णाभूषण और 68,574 रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा निगरानी टीम को प्राथमिकी में दर्ज 13 अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिनका कुल मूल्य करीब 1 करोड़ 88 लाख 1 हजार रुपये बताया गया है। बिहार शरीफ में संजय कुमार द्वारा निर्मित एक अन्य तीन मंजिला आवासीय भवन का भी पता चला है। साथ ही तीन जमीन एग्रीमेंट से संबंधित कागजात मिले हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1 करोड़ 28 लाख 66 हजार 277 रुपये बताई गई है। इन संपत्तियों के लिए 20 लाख रुपये बयाना भुगतान किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
फिलहाल निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई जारी है और मामले में आगे की जांच के बाद संपत्ति तथा निवेश से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।




