यूजीसी के समर्थन में सामाजिक न्याय मोर्चा की बैठक, 31 अगस्त को डीएम के समक्ष प्रदर्शन का ऐलान
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट ।

बिहारशरीफ, 16 अगस्त 2026: बिहारशरीफ के बारादरी स्थित रॉयल पैलेस होटल में रविवार को सामाजिक न्याय मोर्चा के तत्वावधान में यूजीसी के समर्थन में बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूजीसी बिल 2026 को लागू करने, समान शिक्षा प्रणाली लागू करने और उच्च शिक्षा संस्थानों में भेदभाव समाप्त करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कॉलेजियम प्रणाली को समाप्त करने तथा यूपीएससी और बीपीएससी की तर्ज पर परीक्षा के माध्यम से जजों की बहाली की मांग उठाई। इसके अलावा किसानों के लिए एमएसपी पर कानून बनाने, मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने तथा उत्तम गुणवत्ता वाले बीज और खाद की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई। देश में चल रहे विभिन्न जन आंदोलनों को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया।
सामाजिक न्याय मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य चंद्रशेखर प्रसाद, रामदेव चौधरी और आम जनता पार्टी ‘इंडिया’ सह बहुजन भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में धर्म, नस्ल, जाति, लिंग, जन्मस्थान और दिव्यांगता के आधार पर होने वाले भेदभाव को समाप्त कर समानता एवं समावेशन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने यूजीसी की ओर से उच्च शिक्षा संस्थानों में भेदभाव रोकने के लिए जारी नए नियमों का समर्थन किया।
बैठक के अंत में सामाजिक न्याय मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य रामदेव चौधरी की पत्नी दिवंगत कुसुम देवी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कुसुम देवी का निधन 14 अगस्त 2026 को हुआ था।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 31 अगस्त 2026 को नालंदा जिलााधिकारी के समक्ष सामाजिक न्याय मोर्चा के बैनर तले यूजीसी के समर्थन में प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता सामाजिक न्याय मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य चंद्रशेखर प्रसाद ने की।
इस मौके पर शाहनवाज, महेंद्र प्रसाद, परमेश्वर प्रसाद, प्रोफेसर शिव कुमार प्रसाद, हरिहर नाथ, अलकनंदन प्रसाद, रविभूषण प्रसाद, महेश सिंह, विष्णुदेव प्रसाद, मोहम्मद चांद समेत कई लोग मौजूद रहे।



