पोखर में डूबने से युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-139 किया जाम | पटना से बड़ी खबर
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में एक युवक की पोखर में डूबने से दर्दनाक मौत के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई है। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने एम्स गोलंबर के पास नेशनल हाईवे-139 को जाम कर दिया, जिससे घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
तिलक समारोह में आया था युवक
मृतक की पहचान विक्रम थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी बीरेंद्र माझी (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बीरेंद्र माझी अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने फुलवारी शरीफ आया था।
सोमवार देर रात वह घर से बाहर निकला और पास के पोखर के किनारे चला गया। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर खोजबीन की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद शव का पता नहीं चल सका।
सुबह फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
सुबह तक शव बरामद नहीं होने पर परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मृतक की पत्नी सरस्वती देवी और तीन छोटे-छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद प्रशासन की ओर से राहत एवं बचाव कार्य में सुस्ती बरती गई। समय पर गोताखोरों की टीम नहीं पहुंची, जिससे लोगों का गुस्सा बढ़ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी पोखर में पहले भी सात से अधिक लोगों की डूबकर मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद न तो पोखर की घेराबंदी की गई और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया।
एनएच-139 पर हंगामा और आगजनी
घटना से नाराज ग्रामीणों ने एम्स गोलंबर के पास नेशनल हाईवे-139 को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। जाम के कारण एम्स आने-जाने वाले मरीजों और एम्बुलेंस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई गंभीर मरीज घंटों तक जाम में फंसे रहे।
कुछ आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर हंगामा किया और कई जगहों पर गाड़ियों में तोड़फोड़ और लोगों के साथ मारपीट की भी सूचना है।
मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ, जानीपुर, नौबतपुर समेत आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण शव बरामदगी, उचित मुआवजा और पोखर की स्थायी घेराबंदी की मांग पर अड़े रहे।
प्रशासन का आश्वासन, तनाव बरकरार
प्रशासन की ओर से गोताखोरों की टीम लगाने और जल्द शव बरामद करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल प्रशासन शव की तलाश में जुटा है और ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।



