बिहार के कई जिलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के SP को किया अलर्ट

पटना ( एम ए न्यूज डेस्क ) बिहार पुलिस को गुरुवार की दोपहर एक गंभीर धमकी मिली है. पाकिस्तानी एक्स (पहले ट्विटर) के एक संदिग्ध हैंडल से दोपहर करीब 4 बजे यह संदेश भेजा गया कि बिहार के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर बम ब्लास्ट किया जाएगा. धमकी मिलते ही राज्य पुलिस मुख्यालय हरकत में आ गया और सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष अलर्ट जारी कर दिया गया है.
बिहार में ब्लास्ट की धमकी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी को हल्के में नहीं लिया जा रहा है. मुख्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, धार्मिक स्थल, मॉल और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए. इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और तकनीकी सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है.
पुलिस मुख्यालय ने जारी किया अलर्ट
पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल, पटना साहिब स्टेशन, गांधी मैदान, इको पार्क के साथ कई सार्वजनिक स्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और आने-जाने वाले लोगों की तलाशी ली जा रही है. वहीं, सीसीटीवी कैमरों की मॉनिटरिंग तेज कर दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
सभी जिले के आरक्षी अधीक्षक को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है. वहीं, सभी सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया है.
पंकज दराद मुख्यालय विधि व्यवस्था एडीजी, लॉ एंड ऑर्डर
साइबर सेल कर रही जांच
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों का कहना है कि यह धमकी साइबर स्तर पर मिली है और इसकी जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है. आईटी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध हैंडल कहां से ऑपरेट हो रहा है और इसका मकसद क्या है. अधिकारियों का मानना है कि कई बार इस तरह की धमकियां केवल दहशत फैलाने के लिए दी जाती हैं, लेकिन सतर्कता में किसी भी प्रकार की कमी नहीं बरती जा सकती.
पहले भी मिल चुकी है कई बार धमकी
गौरतलब है कि हाल के दिनों में देश के कई हिस्सों से इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं. सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि त्योहारों और भीड़भाड़ के मौकों पर असामाजिक तत्व इस तरह के संदेश भेजकर लोगों में डर पैदा करने की कोशिश करते हैं. हाल के दिनों में ही और असामाजिक तत्वों के द्वारा पटना के सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिली थी. साथ-साथ पटना साहिब स्थित गुरुद्वारा को भी उड़ाने की धमकी मिली थी. हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा
इस बीच, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने भी अपने स्तर पर सुरक्षा जांच तेज कर दी है. रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के बैग और लगेज की गहन तलाशी ली जा रही है. बस अड्डों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है.
शाम को पुलिस ज्यादा अलर्ट
पटना समेत राज्य के कई जिलों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. शाम के बाद बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी पहले से ज्यादा कर दी गई है. वर्दीधारी जवानों के अलावा सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके.
लोगों से अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें. साथ ही लोगों को सचेत किया गया है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस मुख्यालय लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहा है और जिलों से हर घंटे की रिपोर्ट ली जा रही है. सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और प्रशासन का दावा है कि जनता को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
दिल्ली और मुंबई को भी धमकी
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट को एक ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. वहीं इसके एक दिन बाद शनिवार को बॉम्बे हाईकोर्ट को धमकी मिली. ईमेल के जरिए हाईकोर्ट की बिल्डिंग को विस्फोट कर उड़ाने की धमकी दी गई थी.


