क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट, 15–20 लाख के आभूषण लेकर फरार अपराधी

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

राजधानी पटना में एक बार फिर अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए हैं। रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े आभूषण दुकान में बड़ी लूट की वारदात सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना पुरानी भारत गैस गोदाम कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां पांच की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया। बदमाश दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर पहुंचे थे। इनमें से तीन अपराधी दुकान के अंदर घुसे, जबकि दो बाहर खड़े होकर रेकी करते रहे।

दुकान के अंदर घुसे अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकानदार और कर्मचारियों को अपने कब्जे में ले लिया और कुछ ही मिनटों में करीब 15 से 20 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। जानकारी के अनुसार लूटे गए सामान में लगभग 4 किलो चांदी और करीब 100 ग्राम सोना शामिल है।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी लूट की घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। वहीं, लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button