पटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी पर प्रशासन सख्त, डीएम ने संपत्तियों और बैंक खातों की जांच के दिए आदेश

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के आदेश के आलोक में बुधवार को पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने ठाकुरवाड़ी परिसर का निरीक्षण किया और कई अहम निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अपर समाहर्ता राजस्व, भूमि सुधार उप समाहर्ता और अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि ठाकुरवाड़ी की सभी चल और अचल संपत्तियों के साथ-साथ बैंक खातों की विस्तृत सूची जल्द तैयार कर उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन ने फिलहाल ठाकुरवाड़ी से जुड़े सभी प्रकार के लेन-देन और विनिमय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
डीएम ने ठाकुरवाड़ी की परिसंपत्तियों, दुकानों और आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा तैयार करने का भी निर्देश दिया है ताकि वित्तीय गतिविधियों की पारदर्शी जांच की जा सके।
जानकारी के मुताबिक, बाबा भीखम दास ठाकुरवाड़ी की न्यास समिति लंबे समय से निष्क्रिय थी। इसी कारण बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद ने पटना जिलाधिकारी को अस्थायी न्यासधारी नियुक्त किया है। अब ठाकुरवाड़ी से जुड़े सभी बैंक खातों का संचालन जिलाधिकारी, पटना के हस्ताक्षर से किया जाएगा।
साथ ही नई न्यास समिति के गठन की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। इसके लिए संभावित सदस्यों के नामों का प्रस्ताव जल्द बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद को भेजा जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद ठाकुरवाड़ी की प्रशासनिक व्यवस्था और संपत्तियों के प्रबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related Articles

Back to top button