क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सीतामढ़ी में बड़ी कार्रवाई: 1.45 लाख रिश्वत लेते नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर गिरफ्तार

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से!

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने सीतामढ़ी जिले के पुपरी नगर परिषद कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए कनीय अभियंता श्विजय कुमार शर्मा को 1 लाख 45 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई शुक्रवार 15 मई 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या 057/26 के तहत की गई। गिरफ्तार अभियुक्त जनकपुर रोड, पुपरी स्थित नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार, पुपरी निवासी मुरली मनोहर ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि नगर परिषद पुपरी में आवंटित दो विकास कार्य पूरे होने के बाद करीब 1 करोड़ 68 लाख 79 हजार 600 रुपये का भुगतान हो चुका था। इसके बावजूद आगे का कार्य आवंटित करने और संबंधित प्रक्रिया में सहयोग के बदले कनीय अभियंता द्वारा 1.45 लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

टीम ने जाल बिछाकर नगर परिषद कार्यालय परिसर में ही आरोपी अभियंता को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो के अनुसार अभियुक्त को विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा।

इस कार्रवाई के बाद नगर परिषद कार्यालय में हड़कंप मच गया है। वहीं, निगरानी विभाग ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button