ब्लैकआउट होते ही चली गोली… 36 घंटे में खुला मुसल्लहपुर हत्याकांड का राज!
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना में ब्लैकआउट के दौरान हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। राजधानी के मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुई इस वारदात ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया था। अब जांच में जो खुलासे सामने आए हैं, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। इस मामले का कनेक्शन सीधे बेऊर जेल से जुड़ता दिखाई दे रहा है, जबकि हत्या की पूरी साजिश ब्लैकआउट के बीच रची गई थी।
दरअसल, मामला सुलतानगंज थाना क्षेत्र का है, जहां 14 मई की शाम करीब 7 बजकर 2 मिनट पर मसाला कारोबारी पिंटू कुमार को अपराधियों ने गोली मार दी थी। घटना उस समय हुई जब इलाके में ब्लैकआउट के कारण अचानक बिजली गुल हो गई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधियों ने कारोबारी को निशाना बनाया और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में पिंटू कुमार को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने तत्काल सुलतानगंज थाना कांड संख्या 210/26 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए STF की टीम को भी जांच में लगाया गया। लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने 16 मई को एक 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी मुसल्लहपुर हाट इलाके का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश अचानक नहीं रची गई थी, बल्कि इसकी तैयारी पिछले 15 दिनों से चल रही थी। आरोपी मृतक की दुकान के ठीक सामने स्थित एक दुकान में मजदूरी का काम कर रहा था। इसी दौरान वह लगातार कारोबारी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और पूरी रेकी कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी को पहले से ब्लैकआउट की जानकारी मिल गई थी। जैसे ही शाम में ब्लैकआउट का सायरन बजा और बिजली कटी, उसने मौके का फायदा उठाकर पिंटू कुमार को गोली मार दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इस हत्याकांड का कनेक्शन बेऊर जेल से भी जुड़ता नजर आ रहा है। पुलिस इस एंगल पर गंभीरता से जांच कर रही है कि आखिर जेल के अंदर से इस वारदात की साजिश कैसे रची गई। सूत्रों की मानें तो कुछ अपराधियों के संपर्क और मोबाइल कॉल डिटेल्स भी जांच के दायरे में हैं।
वहीं पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृतक मसाला कारोबारी कथित तौर पर शराब कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। इसी वजह से हत्या के पीछे आपसी दुश्मनी, अवैध कारोबार और गैंग कनेक्शन जैसे कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।
मामले पर जानकारी देते हुए ईस्ट एसपी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में अन्य अपराधियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जल्द ही कई अन्य गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और गिरफ्तार किशोर के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
इस कार्रवाई में सुलतानगंज थाना की विशेष टीम, STF और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। फिलहाल मुसल्लहपुर हाट में हुई इस सनसनीखेज हत्या ने राजधानी की कानून व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते नेटवर्क पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।



