शराब पार्टी के बाद प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, दोस्तों पर उठे सवाल
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के करोड़ीचक इलाके में देर रात प्रॉपर्टी डीलर गोलू यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने गोलू यादव को चार गोलियां मारीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
बताया जा रहा है कि हत्या से पहले गोलू यादव अपने कुछ दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल हुए थे। इसके बाद ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि बिहार में शराबबंदी के बावजूद यह शराब पार्टी किसके इशारे पर आयोजित की गई थी? पार्टी आखिर कहां हुई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे?
परिजनों ने गोलू यादव के साथ पार्टी में मौजूद दोस्तों पर ही हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी आरोपी की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस पार्टी में शामिल लोगों और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। वहीं, सिटी एसपी संकेत कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस हत्या के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और पार्टी के दौरान हुए किसी विवाद समेत कई एंगल से जांच कर रही है। अब जांच का फोकस इस बात पर है कि पार्टी में कौन-कौन मौजूद था, शराब कहां से आई और पार्टी खत्म होने के बाद आखिर ऐसा क्या हुआ कि गोलू यादव की जान चली गई।
पुलिस की जांच और पूछताछ के बाद ही हत्या की असली वजह और आरोपियों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।



