क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़लाइफस्टाइल

रोसड़ा में DCLR और घरेलू नौकर रिश्वत लेते गिरफ्तार, 13.82 लाख रुपये अतिरिक्त नकद बरामद

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट ।

समस्तीपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने रोसड़ा की भूमि सुधार उप-समाहर्ता (DCLR) कंचन कुमारी झा और उनके घरेलू नौकर सुमित कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, परिवादी मनोज कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी कि भूमि विवाद निराकरण वाद संख्या 20/2026-27 में उनके पक्ष में फैसला देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद मामला दर्ज कर धावादल का गठन किया गया।

27 अगस्त 2026 को टीम ने रोसड़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-24 स्थित DCLR के सरकारी आवास पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 2 लाख रुपये नकद और करीब 37 हजार रुपये कीमत की नई सैमसंग वॉशिंग मशीन लेते गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आवास से 13 लाख 82 हजार रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 103वां प्राथमिकी मामला है, जबकि यह 95वां ट्रैप कांड है। अब तक ट्रैप कार्रवाई में कुल 93 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

Related Articles

Back to top button