
बिहारशरीफ, 5 सितंबर 2026: बिहारशरीफ के नाला रोड स्थित सामुदायिक भवन में सामाजिक न्याय मोर्चा के तत्वावधान में शहीद जगदेव प्रसाद का शहादत दिवस मनाया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद जगदेव प्रसाद के जीवन और सामाजिक संघर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे बिहार के महान समाजवादी नेताओं में शामिल थे। उन्होंने वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए जीवनभर संघर्ष किया। वक्ताओं ने कहा कि जगदेव प्रसाद को ‘बिहार का लेनिन’ भी कहा जाता है। वे शोषित समाज दल के संस्थापक थे और सामाजिक न्याय एवं समानता के लिए संघर्ष करते हुए ‘सौ में नब्बे शोषित हैं’ जैसे नारों को जन आंदोलन का हिस्सा बनाया।

कार्यक्रम में 5 सितंबर 1974 को जगदेव प्रसाद की शहादत को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन के दौरान पुलिस की गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। उनकी शहादत के बाद सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को नई दिशा मिली।
इस अवसर पर चंद्रशेखर प्रसाद, रामदेव चौधरी, अनिल पासवान, रंजीत कुमार चौधरी सहित सामाजिक न्याय मोर्चा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं कमलेश कुमार, कमल अवधेश पंडित, उमेश पंडित, प्रोफेसर शिवकुमार यादव, जाहिद अंसारी, महेंद्र प्रसाद, पप्पू उर्फ प्रभाकर, चंद्रमणि चौहान और रौशन पासवान समेत कई लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।



