क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़

भोजपुर: जिले के तेंदूनी गांव में दोहरे हत्याकांड से मची सनसनी, मां-बेटे की निर्मम हत्या

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

भोजपुर: जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदूनी गांव में दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यहां मां और बेटे की धारदार हथियार और लोहे के हथौड़े से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान तेंदूनी गांव के वार्ड नंबर-7 निवासी रामवती देवी और उनके छोटे पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रामवती देवी अपने छोटे बेटे सुनील कुमार के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और जमीन संबंधी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने गड़ासे से वार करने के बाद दोनों के शरीर पर लोहे के हथौड़े से भी कई प्रहार किए, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ रवि कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि मृतक दोनों मां-बेटे हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस ने मृतका के बड़े पुत्र दिनेश उर्फ दीपक और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। एक ही परिवार के दो लोगों की हत्या से तेंदूनी गांव में मातम पसरा हुआ है। अब पुलिस जांच के बाद ही इस दोहरे हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।

Related Articles

Back to top button