चलती ट्रेन में यात्रियों से मारपीट और जबरन वसूली, बक्सर स्टेशन पर पांच आरोपी गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

बिहार की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संघमित्रा एक्सप्रेस के साधारण कोच में एक यात्री के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जबरन रुपये छीनने के मामले में रेल पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पीड़ित यात्री के छीने गए 1,500 रुपये भी बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 2 नवंबर 2026 की है। ट्रेन संख्या 12296 संघमित्रा एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे माजिद आलम के साथ कुछ किन्नरों द्वारा कथित तौर पर जबरन अवैध वसूली की गई। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। इस दौरान यात्री को दांत से काटकर घायल करने और रुपये छीनने का भी आरोप है।
घटना की सूचना पटना रेल नियंत्रण कक्ष से मिलने के बाद रेल थाना बक्सर की पुलिस सक्रिय हुई। थानाध्यक्ष पु०अ०नि० मनी चंद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 2 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंची। प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर ट्रेन के पहुंचते ही ट्रेन एस्कॉर्ट पार्टी और आरपीएफ के सहयोग से पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान पीड़ित यात्री से छीने गए 500 रुपये के तीन नोट, कुल 1,500 रुपये बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुबेन उर्फ सोनिया (19), टोनी उर्फ सुम्या (20), अजहर उर्फ खुशी (21), बानो उर्फ चंपा (26) और मिराज उर्फ बिजली (19) के रूप में हुई है। सभी भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
इस मामले में रेल थाना बक्सर कांड संख्या 233/26, दिनांक 02.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 304(2) और 3(5) में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। मामले की जांच पु०अ०नि० अखिलेश यादव को सौंपी गई है।
रेल पुलिस की अपील
रेल पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में जबरन वसूली, मारपीट या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेल पुलिस को दें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
M A News Desk



