बिहार में नाबा*लिग छात्रा से दु*ष्कर्म, 12 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और मोबाइल जब्त
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट।

बिहार के शेखपुरा जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। कोचिंग से घर लौटने के दौरान छात्रा को सुरक्षित घर पहुंचाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने अपनी स्कॉर्पियो में बैठाया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी छात्रा को पचना मोड़ मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
रास्ता पूछने के बहाने छात्रा को गाड़ी में बैठाया
मिली जानकारी के अनुसार, आरडी कॉलेज मोड़ के पास छात्रा कोचिंग से घर जाने के लिए टोटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे एक व्यक्ति ने उससे लखीसराय जाने का रास्ता पूछा। इसके बाद आरोपी ने छात्रा से घर का पता पूछा और उसे सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिया। छात्रा ने पहले अपने पिता से बात करने की बात कही और आरोपी के मोबाइल से फोन भी किया, लेकिन परिजनों ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद आरोपी के भरोसे में आकर छात्रा गाड़ी में बैठ गई।

आरोप है कि आरोपी उसे घर पहुंचाने के बजाय भदौस मोड़ से आगे मदारी रोड की ओर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां गाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी छात्रा को पचना मोड़ मंदिर के पास उतारकर फरार हो गया।
एसपी ने गठित की विशेष टीम, 12 घंटे में गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए शेखपुरा के पुलिस अधीक्षक हिमांशु कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी और कांड के उद्भेदन के लिए विशेष टीम का गठन किया। अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम में पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना अध्यक्ष, महिला थाना अध्यक्ष और जिला आसूचना इकाई के पदाधिकारियों को शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने सूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृत कुमार उर्फ अमित कुमार, पिता शशिभूषण सिंह, निवासी पवई, थाना सूर्यगढ़ा, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता जखराजस्थान, हुसैनाबाद रोड, गिरिहिंडा, शेखपुरा बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को लखीसराय-जमुई मोड़ स्थित मुन्ना सिंह के मकान से गिरफ्तार किया।
15 दिनों के अंदर आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी
एएसपी डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस इस मामले में 15 दिनों के अंदर आरोप पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी करेगी। साथ ही त्वरित विचारण के माध्यम से आरोपी को कठोरतम सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण आरोपी को 12 घंटे के अंदर गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया गया है।

एएसपी ने यह भी बताया कि कार्रवाई में शामिल पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत करने के लिए वरीय अधिकारियों से अनुशंसा की जाएगी।
बाइट: डॉ. राकेश कुमार, एएसपी
शेखपुरा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस की सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है। अब पुलिस की आगे की कार्रवाई और न्यायालय में मामले के त्वरित विचारण पर नजर रहेगी।



