पटना के पत्रकारनगर थाने का नगर पुलिस अधीक्षक ने किया वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने के निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: राजधानी पटना में पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने पत्रकारनगर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और विभिन्न पुलिस व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस, CCTNS प्रणाली और सिरिस्ता से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही थाने में लंबित विभिन्न कांडों के अनुसंधान की प्रगति का भी जायजा लिया गया। नगर पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के संधारण और थाना की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान शैलजा ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का अनुसंधान वैज्ञानिक पद्धति से किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर उसे पूरा किया जाए। उन्होंने पुलिस कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

इसके अलावा अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और अधिक प्रभावशाली बनाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्कता, जनसेवा और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

नगर पुलिस अधीक्षक के इस वार्षिक निरीक्षण को थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा और पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



