क्राइमबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सिवान में सनसनी: दुकान में बंद कर युवक को जिंदा जलाने का आरोप, सड़क पर शव रखकर जमकर बवाल

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

सिवान, बिहार: बिहार के सिवान जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक को उसकी ही दुकान में बंद कर आग के हवाले कर देने का आरोप लगा है। इस घटना में युवक की जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान अलावलपुर निवासी नदीम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जमकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, नदीम हर दिन की तरह अपनी जनरल स्टोर की दुकान पर गया था, लेकिन शाम होने के बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिजनों का आरोप है कि शाम करीब सात बजे नदीम को दुकान के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया और फिर दुकान में आग लगा दी गई। इस घटना में नदीम की जलकर मौत हो गई। हालांकि, आग लगने और युवक की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते सड़क पर आगजनी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिवान के एसडीओ और एसडीपीओ प्रांजल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद प्रशासन की ओर से बल प्रयोग कर सड़क जाम हटाया गया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई।

वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ से जब मीडिया ने घटना को लेकर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया, तो वे वहां से आगे बढ़ गए। घटना को लेकर मृतक की बहन ने भी अपनी बात रखी है।

फिलहाल इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर नदीम की मौत के पीछे क्या वजह थी? क्या वास्तव में उसे दुकान के अंदर बंद कर आग लगाई गई थी? पुलिस जांच में किन लोगों की भूमिका सामने आती है? इन सभी सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

Related Articles

Back to top button