पटना रेल पुलिस का बड़ा खुलासा: चलती ट्रेन में पैसे नहीं देने पर यात्री को धक्का देने वाला आरोपी गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

बिहार में चलती ट्रेन में यात्रियों से पुलिसकर्मी बनकर पैसे वसूलने और विरोध करने पर मारपीट करने वाले आरोपी को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला बक्सर रेल थाना क्षेत्र का है, जहां हैदराबाद से घर लौट रहे 21 वर्षीय नितिन कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय रोहित तिवारी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, नितिन कुमार 19 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 07091 दानापुर स्पेशल से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसके अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक पटना अनन्त कुमार राय के निर्देश पर रेल पुलिस उपाधीक्षक दानापुर कंचन राज के नेतृत्व में SIT गठित की गई।
तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने बक्सर और बनारस के बीच मोहनसराय से रोहित तिवारी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर आरा-जगजीवन हॉल्ट के बीच एक शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान नितिन कुमार के रूप में की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को पुलिसकर्मी, RPF या STF का जवान बताकर ट्रेन की दिव्यांग बोगी में सफर करता था और मजदूरों व कम उम्र के यात्रियों से धूम्रपान या टिकट चेकिंग के नाम पर जुर्माने के तौर पर पैसे मांगता था। पैसे नहीं देने पर विवाद और मारपीट करता था। पुलिस का आरोप है कि इसी तरह की एक घटना के दौरान यात्री को चलती ट्रेन से धक्का दिया गया।

जांच में आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ रेल थाना दानापुर, रेल थाना बक्सर और शाहपुर थाने में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी पूर्व में करीब 25 महीने न्यायिक हिरासत में रह चुका है और लगभग दो महीने पहले जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक आधार कार्ड और पूर्व के एक मामले में मृतक कैलाश कुमार का पर्स भी बरामद किया है, जिसमें बैंक कार्ड, पैन कार्ड, विकलांग कार्ड और वोटर आईडी समेत कई दस्तावेज मिले हैं।
रेल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की कार्रवाई की बात कही है। पुलिस टीम के पदाधिकारियों और कर्मियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देने की भी घोषणा की गई है।



