छठ व्रतियों की सुरक्षा पर प्रशासन की नजर, घाटों और रास्तों का लिया गया जायजा!
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पटना जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में 6 नवंबर 2026 को मसौढ़ी अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने भौतिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, मसौढ़ी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (मसौढ़ी-01), पटना ने घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इस दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

पटना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि छठ महापर्व के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के आस्था के इस महापर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कर सकें।



