क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

“थाने के अंदर चल रहा था रिश्वत का खेल? आरोपी अफसर गिरफ्तार!”

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने पटना के कदमकुआँ थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक सह अपर थानाध्यक्ष अर्जुन यादव को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 30 अप्रैल 2026 को की गई।

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार पुलिस अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने कदमकुआँ थाना कांड संख्या 315/26 में फंसाने का भय दिखाकर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता शमशाद आलम, निवासी चुड़ी मार्केट, जहाजी कोठी, पटना ने इस संबंध में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या 051/26 दर्ज किया गया। इसके बाद डीएसपी आदित्य राज के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।

धावादल ने जाल बिछाकर आरोपी पुलिस अधिकारी अर्जुन यादव को थाना कदमकुआँ के पास जस्टिस राज किशोर पथ स्थित बुद्ध मूर्ति के निकट 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 51वीं प्राथमिकी है, जबकि ट्रैप से जुड़ा यह 46वां मामला है। अब तक वर्ष 2026 में 44 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है और कुल 17 लाख 48 हजार रुपये रिश्वत की राशि बरामद की गई है।

Related Articles

Back to top button