क्राइमपटनाब्रेकिंग न्यूज़

फुलवारीशरीफ में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 मोटरसाइकिल बरामद, 4 गिरफ्तार

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र में बाइक चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की कुल 9 मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
दरअसल, 15 अप्रैल 2026 को फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, फुलवारीशरीफ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

गठित टीम ने लगातार तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह के तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना मो० अरशद उर्फ शदाब को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद मुख्य अभियुक्त की निशानदेही पर उसके साले के घर छापेमारी कर चोरी की छह और मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
इस प्रकार पुलिस ने कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में से दो का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं मुख्य अभियुक्त मो० अरशद उर्फ शदाब के खिलाफ विभिन्न थानों में लगभग 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है। मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना भानुप्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button