क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

विकलांग की जमीन पर भू-माफियाओं की नजर, न्याय की गुहार लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा पीड़ित

एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के खेमनी चक में जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी पैतृक जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़ित देवेंद्र यादव का कहना है कि उनके पिता ने वर्ष 2005 में कोऑपरेटिव सोसाइटी से जमीन खरीदी थी, जिसकी विधिवत रजिस्ट्री भी उनके पिता के नाम पर हुई थी। देवेंद्र का आरोप है कि भू-माफिया अजय कुमार की नजर इस जमीन पर पड़ गई है और हाल ही में उनके प्लॉट पर ईंट और बालू गिरवाकर कब्जा करने की कोशिश की गई।

देवेंद्र यादव के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध किया तो वे शिकायत लेकर रामकृष्ण नगर थाने पहुंचे। लेकिन उनकी शिकायत सुनने के बजाय उन्हें फटकार लगाकर भगा दिया गया। इतना ही नहीं, कुछ दिनों बाद उनके और उनके भाई उपेंद्र यादव के खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कर लिया गया।

दिव्यांग देवेंद्र यादव ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति ठीक से चल-फिर भी नहीं सकता, वह किसी से रंगदारी कैसे मांग सकता है। उनका कहना है कि अपनी ही जमीन पर किसी से रंगदारी मांगने का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा है।

न्याय की आस लेकर देवेंद्र यादव पटना सिटी एसपी (पूर्वी) कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करे, लेकिन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।

Related Articles

Back to top button