पुलिस दीदी को 4,700 दोपहिया वाहन, महिला सुरक्षा को मिलेगी नई रफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना। बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत करने की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) के लिए 4,700 दोपहिया वाहनों का लोकार्पण और फ्लैग ऑफ किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को राखी बांधी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन का यह पर्व बेटियों और बहनों की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिल उपलब्ध होने से महिला पुलिसकर्मियों को स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं की सुरक्षा और संरक्षण के साथ-साथ महिला सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस में करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, देश के किसी भी राज्य की पुलिस बल में महिलाओं की इतनी बड़ी संख्या नहीं है। ऐसे में महिला पुलिस बल को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार की इस पहल से महिला पुलिसकर्मियों की फील्ड में पहुंच बढ़ने के साथ छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है।



