शिकारपुर में 4 हजार रुपये रिश्वत लेते सहायक अवर निरीक्षक गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

बेतिया/नरकटियागंज: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 24 अगस्त 2026 को नरकटियागंज के हाईस्कूल चौक उर्फ शहीद चौक के पास की गई।
जानकारी के अनुसार, परिवादी अमृत कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पिता के खिलाफ बिजली चोरी से संबंधित शिकारपुर थाना कांड संख्या-794/26 में बेल दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना कांड संख्या-101/26 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया।
धावादल ने कार्रवाई करते हुए उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 101वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें 93 मामले ट्रैप से संबंधित हैं और अब तक 91 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। इन मामलों में कुल 32 लाख 34 हजार 800 रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।



