बिहार में वज्रपात का कहर: 12 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना | 04 मई 2026
बिहार में वज्रपात, आंधी-तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई है। पूर्वी चम्पारण, गया और औरंगाबाद जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से कुल 12 लोगों की मौत हो गई है। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में सरकार पूरी तरह प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पूर्वी चम्पारण में 5, गया में 4 और औरंगाबाद में 3 लोगों की जान वज्रपात की चपेट में आने से चली गई। अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है।
सुरक्षा के लिए जरूरी अपील:
खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहें, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें, और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।
राज्य सरकार ने संबंधित जिलों के प्रशासन को सतर्क रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।



