उन्नाव में बड़ा सड़क हादसा: दिल्ली से बिहार जा रही डबल डेकर बस पलटी, 6 की मौत
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट ।

दिल्ली से बिहार जा रही एसी डबल डेकर बस मंगलवार तड़के उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में हादसे का शिकार हो गई। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर औरास थाना क्षेत्र के निभा खेड़ा गांव के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन पुलिसकर्मियों समेत 21 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक बस में करीब 50 यात्री सवार थे और वह दिल्ली से बिहार जा रही थी। सुबह लगभग 5:15 बजे चालक को झपकी आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया। बस पहले डिवाइडर और रेलिंग से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के बाद बस रेलिंग पर लटक गई, जिससे कई यात्री खिड़कियों से नीचे जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में एक दरोगा और एक कैदी की भी मौत होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक यात्री का पैर कट गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को आई झपकी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।



