पटना साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.66 करोड़ की डिजिटल अरेस्ट ठगी और बिजली मीटर फ्रॉड मामले में दो गिरफ्तार
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना। वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) पटना की निगरानी में साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में साइबर थाना पटना की टीम ने दो अलग-अलग साइबर ठगी के मामलों का सफल उद्भेदन करते हुए पश्चिम बंगाल के हुगली (कोलकाता) से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला साइबर थाना कांड संख्या 2157/24 से संबंधित है, जिसमें अपराधियों ने “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाकर एक पीड़ित से करीब 2 करोड़ 66 लाख रुपये की ठगी की थी। वहीं दूसरा मामला साइबर थाना कांड संख्या 512/26 का है, जिसमें बिजली मीटर अपडेट करने के नाम पर मोबाइल हैक कर 56 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
इन दोनों मामलों के खुलासे के लिए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मानवीय अनुसंधान के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के हुगली क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान दोनों मामलों में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पटना साइबर थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है। मामले में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस संबंध में साइबर थाना पटना के पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष नीतीश चंद्र धारिया ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है।



