कैरियरबिहारब्रेकिंग न्यूज़

हिलसा अनुमंडल कार्यालय में 22 हजार रुपये रिश्वत लेते पेशकार और निजी दलाल गिरफ्तार

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

नालंदा: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नालंदा जिले के हिलसा अनुमंडल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने पेशकार नीलम कुमार चौधरी और निजी दलाल सुनील कुमार सिन्हा को 22,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, परिवादी दिलीप नारायण सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुमंडल दंडाधिकारी, हिलसा के न्यायालय में चल रहे वाद संख्या 433(उ)/2022 में उनके पक्ष में फैसला कराने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 078/26 दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने हिलसा अनुमंडल कार्यालय स्थित विधि शाखा में जाल बिछाकर कार्रवाई की और पेशकार नीलम कुमार चौधरी तथा निजी दलाल सुनील कुमार सिन्हा को 22 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें विशेष निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 78वीं प्राथमिकी और 73वां ट्रैप केस है। अब तक कुल 73 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा 27.85 लाख रुपये से अधिक की रिश्वत राशि बरामद की जा चुकी है। वहीं वर्ष 2025 में कुल 101 ट्रैप केस दर्ज किए गए थे, जिनमें 37.80 लाख रुपये की रिश्वत बरामद हुई थी।

 

Related Articles

Back to top button