मनेर-नौबतपुर में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री का खुलासा, तीन गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना। पटना पश्चिमी क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थ और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान मनेर और नौबतपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के आरोप में एक महिला समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मनेर थाना क्षेत्र में 24 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर महिनाावां गांव में छापेमारी की गई। पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री करते हुए दो व्यक्तियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 280 ग्राम गांजा, 18 पीस गोली, मिट्टी का चिलम, दो मोबाइल फोन और 653 रुपये नकद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश कुमार और पंकज कुमार के रूप में हुई है।

वहीं नौबतपुर थाना क्षेत्र में नौबतपुर बाजार और तरैतपाली नहर मोड़ के पास पुलिस ने छापेमारी कर गांजा और स्मैक की खरीद-बिक्री के आरोप में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया। इनके पास से करीब 24 ग्राम स्मैक जैसी पदार्थ की 49 पुड़िया और करीब 500 ग्राम गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में यश सिंह और एक महिला शामिल है।

पुलिस के अनुसार, मनेर और नौबतपुर थाना की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यह अभियान चलाया। बरामद मादक पदार्थों को जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




