
पटना। राजधानी पटना से सटे मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नीलकंठ टोला में कुछ लोगों द्वारा चोरी-छिपे अपने घरों से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने छापेमारी की तैयारी शुरू कर दी।
नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, पटना के निर्देश पर दानापुर-02 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में मनेर थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 1 किलो 280 ग्राम गांजा और 69 हजार 485 रुपये नकद बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्येंद्र कुमार, रितेश कुमार और रामकृपाल यादव के रूप में बताई गई है।
मामले में बिहटा थाना कांड संख्या 821/26 और 822/26 दर्ज कर NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।




