छठ महापर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM और SSP ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण; सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: आगामी छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पटना जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी, पटना एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना ने अन्य संबंधित पदाधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने घाटों तक श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन तथा भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही घाटों पर पर्याप्त सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने को कहा गया।

प्रशासन का उद्देश्य है कि लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और पूरा पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।



