क्राइमपटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पटना में कथित नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन, तैयार शराब और केमिकल समेत भारी मात्रा में सामान बरामद

एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: शराबबंदी वाले बिहार में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के जकरियापुर इलाके में उत्पाद विभाग की टीम ने छापेमारी कर कथित नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। कार्रवाई निरीक्षक अजीत कुमार के नेतृत्व में की गई।

छापेमारी के दौरान मौके से बड़ी मात्रा में तैयार कथित नकली शराब, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल, खाली बोतल और अन्य सामग्री बरामद की गई। कार्रवाई के बाद संबंधित मकान को उत्पाद विभाग की टीम ने सील कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, जकरियापुर इलाके में बैंक मैनेजर राहुल रंजन के मकान को किराए पर लेकर कथित तौर पर करीब दो महीने से नकली शराब तैयार करने का कारोबार चल रहा था। उत्पाद विभाग को इसकी सूचना मिलने के बाद टीम ने मकान पर छापेमारी की। टीम के पहुंचने की भनक लगते ही कथित आरोपी मौके से फरार हो गया।

उत्पाद विभाग की टीम ने आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। अब विभाग उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रहा है। बरामद शराब और अन्य सामग्री को जब्त कर जांच के लिए भेजा जा रहा है।

विभाग इस बात की भी जांच कर रहा है कि तैयार कथित नकली शराब की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल मकान सील कर दिया गया है और मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button