केवड़ा ओपी का वार्षिक निरीक्षण, नगर पुलिस अधीक्षक ने दिए कई अहम निर्देश
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना। केवड़ा ओपी का सोमवार, 31 अगस्त 2026 को वार्षिक निरीक्षण किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना शैलजा ने ओपी पहुंचकर थाना की कार्यप्रणाली और पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान थाना दैनिकी, हाजत, मालखाना, वायरलेस व्यवस्था, CCTNS प्रणाली, सिरिस्ता कार्यों सहित विभिन्न लंबित कांडों के अनुसंधान की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने थाना में संधारित अभिलेखों और कार्यप्रणाली का भी बारीकी से अवलोकन किया।

नगर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को लंबित मामलों के अनुसंधान में वैज्ञानिक पद्धति अपनाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया। साथ ही पुलिस कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने और आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सतर्कता, जनसेवा और कानून-व्यवस्था के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अपराध की रोकथाम और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान को और प्रभावशाली बनाने को कहा गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऐसे निरीक्षणों का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिसिंग को बेहतर बनाना, लंबित मामलों की समीक्षा करना और आम लोगों को बेहतर एवं त्वरित पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है।



