बांका में निगरानी की बड़ी कार्रवाई, BDO और उनके मामा 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार
एम ए न्यूज डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से ।

बांका: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फुल्लीडूमर प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अमित प्रताप सिंह और उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी बांका स्थित नेहरू कॉलोनी में BDO के किराये के मकान से की गई।

निगरानी ब्यूरो के अनुसार, बेलहर थाना क्षेत्र के बदलाचक निवासी गौतम प्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि फुल्लीडूमर प्रखंड में 15वीं वित्त की राशि से 26 कार्य योजनाओं के अनुमोदन और क्रियान्वयन के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात प्रथम दृष्टया सही पाई गई।
इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 102/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए अमित प्रताप सिंह तथा उनके मामा बच्चन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ यह 102वीं प्राथमिकी है, जबकि ट्रैप से जुड़ा यह 94वां मामला है। ब्यूरो ने अब तक 95 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने और 35 लाख 9 हजार 800 रुपये की रिश्वत राशि बरामद करने की जानकारी दी है।



