पटना के बिहटा में ज्वेलरी व्यवसायी से डेढ़ लाख नकद और सोने के गहनों की लूट, पुलिस जांच में जुटी
एम ए न्यूज़ डेस्क नीरज कुमार के रिपोर्ट पटना से।

पटना: राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक ज्वेलरी व्यवसायी को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने के गहनों की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर छिलका स्थित माचा स्वामी मंदिर के पास सोमवार देर शाम चार हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलरी व्यवसायी प्रमोद कुमार को घेर लिया। प्रमोद कुमार अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उनका पीछा किया और सुनसान स्थान पर रास्ता रोककर पिस्टल के बल पर लूटपाट की।
अपराधियों ने व्यवसायी से करीब 1.50 लाख रुपये नकद और सोने के गहने लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि पीड़ित प्रमोद कुमार मनेर के निवासी हैं और इससे पहले भी बड़ी लूट की घटना का शिकार हो चुके हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले उनसे 22 लाख रुपये की लूट हुई थी। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं ने व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में नाराजगी और भय का माहौल देखा जा रहा है।



